शिवमोगा। कर्नाटक के शिवमोगा जिले में ट्रक में भरकर ले जाए जा रहे विस्फोटक में गुरुवार रात धमाका हो गया। इस घटना में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। पत्थर तोड़ने के एक स्थान पर रात साढ़े दस बजे के लगभग धमाका हुआ जिससे न केवल शिवमोगा बल्कि पास के चिक्कमगलुरु और दावणगेरे जिलों में भी झटके महसूस किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विस्फोट इतना तेज था कि घरों की खिड़की के शीशे टूट गए और सड़कों पर भी दरार आ गई।

दो लोग लिए गए हिरासत में।।
विस्फोट की घटना के सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह बताया। पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों में पत्थर तोड़ने की सुविधा से जुड़ा एक ठेकेदार शामिल है जहां जिलेटिन की छड़ों से लदे ट्रक में विस्फोट हुआ था। हादसे में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई।

अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका को खारिज नहीं किया। शिवमोगा के उपायुक्त के.बी शिवकुमार ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ऐसा सुनने में आ रहा है कि कम से कम दस से पंद्रह लोगों की मौत हुई है। पुलिस की जांच पूरी होने का इंतजार करना होगा।

पत्थर तोड़ने की सुविधा में रात साढ़े दस बजे के लगभग धमाका हुआ जिससे न केवल शिवमोगा बल्कि पास के चिक्कमगलुरु, दावणगेरे और उत्तर कन्नड जिलों में भी झटके महसूस किए गए। धमाके से ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि विस्फोट इतना तेज था कि घरों में दरारें आ गईं, खिड़कियों के शीशे टूट गए। विस्फोट से ट्रक के परखच्चे उड़ गए तथा शव इस बुरी तरह क्षत विक्षत हो गए कि उनका पहचानना मुश्किल हो गया।

इस संबंध में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस येदियुरप्पा ने अपने गृह जिले शिवमोगा के हनासोडू में पत्थर तोड़ने की सुविधा में हुए धमाके में लोगों मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं और इसके पीछे जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। येदियुरप्पा ने कहा कि वह कल रात से वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क में हैं और बचाव अभियान शुरू करने के लिए दलों को रवाना किया गया है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, शोक संतप्त परिजन के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
वहीं मोदी ने भी विस्फोट से हुए जानमाल के नुकसान पर दुख जताया। उन्होंने कहा, शिवमोगा में जानमाल को हुए नुकसान से मैं दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार प्रभावितों तक हरसंभव मदद पहुंचा रही है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, कर्नाटक में विस्फोट की खबर दुखद है। पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। इस तरह की घटनाओं की गहन जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को होने से रोका जा सके।