प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले मे प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर कोहंडौर छेत्र के मकूनपुर बाजार के पास शुक्रवार रात होमगार्ड पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली मारने वाले मौके से भाग निकले। अस्पताल में मृत घोषित करने पर परिजनों ने हंगामा किया। कर्मचारियों से हाथापाई की। उधर, गांव में मृतक के परिजनों ने आरोपी का घर जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें किसी तरह रोका।
जानकारी के मुताबिक़ कोहंडौर छेत्र के शिवपुर गांव निवासी होमगार्ड वेदमणि दुबे का बेटा अरविंद दुबे उर्फ कल्लू (32) शुक्रवार रात प्रयागराज किसी को छोड़ने गया था। लौटते समय रात करीब दस बजे वह बाइक से घर जा रहा था। प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर कोहंडौर थाना क्षेत्र के मकूनपुर बाजार के निकट स्थित पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उसे गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से वह घायल हो गया।
गोली मारने के बाद बदमाश भाग निकले। गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल पहुंचने पर अरविंद उर्फ कल्लू की मौत हो गई। वहां परिजनों ने जमकर हंगामा किया। कर्मचारियों से हाथापाई भी की। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
वही स्थानीय लोगों के अनुसार गोली लगने के बाद अरविंद उर्फ दुबे बोल रहा था। उसने पुलिस को आरोपितों का नाम भी बताया। एसओ कोहंडौर बच्चेलाल प्रसाद ने बताया कि गोली मारने के आरोपी शिवपुर गांव के हैं। उधर रात करीब 11 बजे अरविंद के मौत की सूचना गांव पहुंची तो लोग उग्र हो गए। आरोपी का घर जलाने के लिए भीड़ निकल पड़ी। हालांकि पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर रोका।