वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मानसून की पहली बारिश ने ही स्मार्ट सिटी की पोल खोल कर रख दी है। बृहस्पतिवार की सुबह से शुरू हुई बारिश के बाद शहर की ज्यादातर सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। इसी बीच वाराणसी पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को भी तालाब बन चुकी सड़कों के कारण मुसीबत झेलनी पड़ी और अपनी गाड़ी छोड़कर घुटने भर पानी में पैदल ही चलना पड़ा।
इस दौरान शहर के पिपलानी से कबीरचौरा के बीच अजय कुमार लल्लू घुटने भर पानी में पैदल चले और फिर काशी को क्योटो |kyoto| बनाने के पीएम मोदी के वादे पर तंज कसा। वीडियो जारी अजय लल्लू ने कहा कि काशी को क्योटो बनाने का सपना मोदी ने दिखाया,लेकिन आज ये केवल फोटो तक सीमित रह गया।
अजय लल्लू ने आगे कहा कि आलम यह है कि सीवर लाइन बिछाने की सरकार ने बात की थी और स्थित यह है कि घर-घर के साथ थानों में पानी घुस गया है। प्रधानमंत्री के क्षेत्र की यह हालत है तो अन्य क्षेत्रों का क्या आलम होगा। उन्होंने पीएम पर आरोप लगाया कि मोदी ने विकास के नाम पर उत्तर प्रदेश और बनारस के लोगों को धोखा दिया है। अगर यह गुजरात मॉडल है तो नहीं चाहिए यह मॉडल।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आरोप लगाया कि सरकार ने छोटे उद्योगों को खत्म कर दिया। कर्ज के बोझ से दबे व्यापारियों ने सबसे अधिक आत्महत्या की है। उन्होंने आगे कहा कि खासकर क्योटो के नाम पर काशीवासियों को स्थानीय सांसद प्रधानमंत्री ने छलावा किया है। जापान के पीएम संग झूला-झूले और आज काशी को खस्ताहाल बदहाली पर छोड़ दिये। डीजल-पेट्रोल की कीमतें आसमान छू रही हैं।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा दिए बयान के बाद योगी सरकार में राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी भी सामने आए। स्थानीय सूचना विभाग के जरिए प्रेस रिलीज जारी कर राज्यमंत्री नीलकंठ तिवारी ने नगर निगम के अफसरों को जलजमाव वाले सड़कों पर पम्प लगाकर जल निकासी की व्यवस्था कराने का निर्देश जारी किया।

इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पराड़कर स्मृति भवन में कांग्रेस उद्योग व्यापार प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और व्यापारियों संग संवाद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने छोटे उद्योगों को खत्म कर दिया है। कर्ज के बोझ से दबे व्यापारी आत्महत्या करने के लिए मजबूर हैं। पहले जापान के पीएम के साथ झूला-झूले और अब काशी को बदहाली में छोड़ दिए हैं। ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं। सरसों तेल की कीमत दोगुनी हो गयी है। किसान बदहाल है। नौजवानों से रोजगार देने के नाम पर छल हुआ। सरकार की प्राथमिकता ब्रांडिंग है। आगामी वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए अब बस गिने चुने दिन हैं। भाजपा की विदाई तय है। व्यापारियों के हित की लड़ाई सिर्फ कांग्रेस पार्टी लड़ेगी।
वहीं पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि कुछ पूंजीपति सरकार चला रहे हैं। अभी हाल ही में अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट में भूमि खरीद में घोटाले की बात सामने आ रही है। पूर्व मंत्री श्री अजय राय ने कहा की इस सरकार में सबसे अधिक प्रताड़ित छोटे-मझले व्यापरी है। चंद पूंजीपतियों की सरकार चल रही है।अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट में भूमि खरीद के मामलों में भारी घोटाला हुआ है। करोड़ों की हेराफेरी का मामला है इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।व ट्रस्ट के सभी सदस्यों को इस्तीफा देना चाहिए। मोदी-योगी सरकार में जनता को धोखा ही मिला है।
भाजपा सरकार की गलत नीतियों और सत्ता के दुरुपयोग से समाज का हर वर्ग परेशान है। कोरोना संकटकाल में भाजपा सरकार की भूमिका शर्मनाक रही है।भाजपा सरकार के कार्यकाल में मंहगाई ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 12.94 प्रतिशत के सर्वोच्च स्तर पर बढ़ी मंहगाई से घरेलू अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट है। पेट्रोल-डीजल के दामों में जबरदस्त बढ़त से खाद्य सामग्री, परिवहन सभी महंगे हो गए हैं। नोटबंदी, जीएसटी ने व्यापारियों का धंधा चौपट कर दिया।
वापसी में उन्होंने चांदपुर स्थित कैम्प कार्यालय में कार्यकर्ताओं संग बैठक किया। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, मनीष चौबे, शैलेंद्र सिंह, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, सीताराम केशरी आदि थे।