CityVaranasi news

वाराणसी- ओम प्रकाश राजभर बोले- अमिताभ ठाकुर आएं हमारे साथ, देखेंगे भाजपा में है कितनी ताकत।

Former IPS Officer Amitabh thakur come with us, says SBSP chief Om Prakash Rajbhar

वाराणसी। पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर को सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पार्टी में आने का न्योता दिया है। पूर्व IPS को लखनऊ से गोरखपुर जाने से रोकने पर ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को वाराणसी में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सच का सामना करने से भाग रही है। अगर कोई समाज में सही बात बोलने का काम कर रहा है तो उसे नजरबंद किया जा रहा है, उसके शिकार अमिताभ ठाकुर हैं।

रोहनिया में आयोजित अति पिछड़ा-अति दलित सम्मेलन में भाग लेने से पहले सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि हम अमिताभ ठाकुर से कहेंगे कि वो हमारी पार्टी के साथ आएं। फिर हम देखते हैं कि भाजपा में कितनी ताकत है। 2022 में भाजपा को उलट कर हम नाव में बैठा कर गंगा में छोड़ देंगे। बिना नाविक के वह नाव समुद्र में चली जाएगी।

गाजीपुर की जहूराबाद सीट से विधायक ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अमिताभ हमारी पार्टी में आएं तो हम उन्हें लड़ने का एक सशक्त मंच देंगे। हमारी ओर से उन्हें निमंत्रण पत्र दिया जा चुका है, वह जब कहेंगे हम उन्हें मिलने का समय देंगे। अगर वो हमारे साथ आते हैं तो 2022 में चुनाव लड़ाकर विधानसभा भेज देंगे।

वही ओमप्रकाश राजभर ने प्रदेश सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होने कहा कि तीन दिन में विधानसभा सत्र खत्म करना सरकार की नाकामी है। आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर चर्चा नही करना चाहती, कोरोना पर चर्चा नहीं करना चाहती। मंत्री मंडल विस्तार की खबरों पर कहा कि इससे भाजपा को जनता का वोट नहीं मिलेगा।

सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारे साथ भाजपा के खिलाफ कौन-कौन है, इसका सीन 27 अक्टूबर 2021 को पर्दे पर आ जाएगा। उसी दिन हम घोषणा करेंगे कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए हमारे साथ कौन दमखम लगाकर लड़ेगा। जिस तरह से किसान, नौजवान, व्यापारी, दलित, पिछड़ा और महिलाओं सहित सभी वर्ग के लोग भाजपा के खिलाफ मुखर हैं, उससे अब यह स्पष्ट हो गया है कि 2022 में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया तय है।

ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि प्रदेश में भागीदारी संकल्प मोर्चा की सरकार आएगी तो पांच साल तक घरेलू बिजली का बिल माफ करेंगे। पूरे प्रदेश में शराबबंदी करेंगे।

अफगानिस्तान के हालात के सवाल पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि तालिबान और उसके नियम-कानून को हम नहीं जानते हैं। इस देश में रामायण और महाभारत पर सीरियल पर बन सकता है। भारत के संविधान पर सीरियल बनता तो लोग अपने अधिकार जानते। भारत के संविधान को हम जनता तक पहुंचाने में फेल हैं तो तालिबान और उसके बारे में क्या बताएंगे। हमें अपने देश के विषय के बारे में सोचना चाहिए। तालिबान, पाकिस्तान और अमेरिका में क्या हो रहा है, उससे हमें क्या मतलब है। हम तालिबान, पाकिस्तान, चीन और अमेरिका गए नहीं तो हम वहां के बारे में क्या बताएं।

वहीं अफगानिस्तान में फंसे भारतीयों के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारत में पैदा होकर लोग दूसरे देश में क्यों गए। दूसरे देशों में जाकर क्यों काम रहे हैं। अपने देश का पैसा ले जाकर दूसरे देश में क्यों लगा रहे हैं। देश में ही विकास करते और यहीं के लोगों को रोजगार देते। देश में शिक्षा लेंगे और विदेश में जाएंगे काम करेंगे, यह सही नहीं है। सरकार ऐसे लोगों को यहीं काम दे और कराए।

Leave a Reply