नई दिल्ली। दीवाली के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई दिग्गजों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गुरुवार सुबह दीवाली की शुभकामनाएं देने के साथ साथ पर्यावरण की रक्षा में योगदान करने की भी अपील की। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा: “दीपावली के शुभ अवसर पर मैं सभी देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। दीपावली बुराई पर अच्छाई की और अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है। आइए, हम सब मिलकर, इस त्योहार को स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से मनाएं और पर्यावरण की रक्षा में योगदान करने का संकल्प लें।”
पीएम मोदी ने दी दीवाली की बधाई॥
वही पीएम मोदी ने भी त्योहार की मुबारक दी और सुख व समृद्धि की कामना की। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मेरी कामना है कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां, समृद्धि और सौभाग्य लेकर आए।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दी शुभकामनाएं॥
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्वीट कर कहा, दीपावली के पावन पर्व की आपको एवं आपके पूरे परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं। यह पर्व आप सभी के जीवन में उल्लास, उन्नति, सुख एवं समृद्धि में अभिवृद्धि करे, यही ईश्वर से कामना है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दी बधाई॥
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को बधाई देते हुए ट्वीट किया है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “सभी को “दीपावली” की हार्दिक शुभकामनाएं. प्रकाश व खुशियों का यह महापर्व सभी के जीवन को नई उर्जा, प्रकाश, आरोग्य और समृद्धि से आलोकित करे।”
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी दी बधाई॥
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, प्रकाश के पर्व दीपावली की सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई। मेरी कामना है कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर लाए।
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायुडू ने दी शुभकामनाएं॥
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायुडू ने ट्वीट कर लिखा, “जलाओ दिए पर रहे ध्यान इतना, अंधेरा धरा पर कहीं रह न जाए”
उन्होंने आगे लिखा, “प्रिय देशवासियों को ज्योति-पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं! दिये का प्रकाश आपके जीवन के हर क्षण, हर कोने को स्वास्थ्य, समृद्धि, सौहार्द और संतोष से प्रकाशित करे।
राहुल गांधी ने दी भी देशवासियों दी शुभकामनाएं॥
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने दीवाली के अवसर पर देशवासियों को बधाई देते हुए लिखा कि यह त्याहार बिना भेदभाव के सबको रोशनी देता है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा “दीपक का उजाला बिना किसी भेदभाव के सबको रौशनी देता है- यही दीपावली का संदेश है. अपनों के बीच दिवाली हो, सबके दिलों को जोड़ने वाली हो!”
भारत में 4 नबंवर को हिन्दुओं का पावन पर्व माना जाने वाला दिवाली का त्यौहार मनाया जा रहा है। बाजारों में दिवाली की रौनक काफी लंबे समय बाद दिखायी पड़ी। कोरोना वायरस के कारण पिछले साल की दिवाली लोगों की घरों में ही बीती थी। कोरोना का त्यौहारों पर काफी गहरा प्रभाव पड़ा था। अब भारत में कोरोना वायरस रोधी टीके की 100 करोड़ से ज्याजा की खुराकें लोगों को दी जा चुकी है। इसके बाद सरकार ने भी बाजारों सहित कई चीजों को पूर्ण रूप से खोले जाने की इजाजत दे दी है। इस लिए इस साल दिवाली का रंग बाजारों में खरीदारी के दौरान दिखाई पड़ा।
बता दे कि हिंदू कैलेंडर में सबसे पवित्र महीना कार्तिक के 15वें दिन दीवाली मनाई जाती है और ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान राम (भगवान विष्णु का सातवां अवतार) 14 साल के लंबे वनवास से लौटे थे, जिस दौरान उन्होंने राक्षस राजा रावण के साथ युद्ध लड़ा व जीता था। भगवान राम के स्वागत के लिए प्रजा ने पूरे शहर को घी के दीपक जलाए थे। पूरी अयोध्या को रोशन कर दिया गया था।
इस दिन लोग अपने घरों को सजाते हैं, एक दूसरे को तोहफे देते हैं और पूजा करते हैं. “अंधेरे पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई, और अज्ञानता पर ज्ञान की जीत” के उपलक्ष्य में यह त्योहार मनाया जाता है।