NationalState

जम्मू-कश्मीर के नौशेरा पहुंचे पीएम मोदी, जवानों के साथ मनाई दिवाली, शहीदों को दी श्रद्धांजलि।

J&K: PM Modi celebrates Diwali with soldiers in Nowshera, pays tribute to martyrs.

श्रीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बार भी सैनिकों के साथ दिवाली मनाया। वह जम्मू-कश्मीर के नौशेरा पहुंचे। पीएम ने नौशेरा में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। वह सुबह ही जम्मू पहुंच गए थे। वहां से वह राजौरी के लिए रवाना हुए। पीएम ने सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने हर बार जवानों के साथ दिवाली मनाई क्योंकि देश के जवान ही उनका परिवार हैं। उन्होंने लोगों से दिवाली पर एक दीया जवानों के शौर्य को समर्पित कर जलाने की अपील की।

हमारे जवान ‘मां भारती’ के सुरक्षा कवच- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश सेवा का सौभाग्य हर किसी को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि हमारे जवान ‘मां भारती’ के सुरक्षा कवच हैं। जवानों की बदौलत ही हमारे देश के लोग रात को चैन से सो पाते हैं और त्योहारों पर खुशी मना पाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी बार रजौरी जिले में जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे हैं। इससे पहले 2019 में भी वह राजौरी के एक आर्मी डिविजन में सैनिकों के साथ दिवाली मनाई थी। इस बार वह नौशेरा पहुंचे हैं जो लाइन ऑफ कंट्रोल के नजदीक है।

सेना में बढ़ती महिलाओं की साझेदारी॥

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के बहाने पिछली सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी नजरों में पहले देश के जवानों के लिए जब हथियार खरीदने होते थे, तब हमेशा दूसरे देशों पर निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन अब आत्मनिर्भर भारत पर जोर दिया जा रहा है। अब देश के अंदर ही अत्याधुनिक हथियार बन रहे हैं। सेना में महिला की बढ़ती भागीदारी भी पर पीएम ने खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि अब एनडीए और दूसरे मिलिट्री स्कूलों में भी लड़कियों को पूरा मौका दिया जा रहा है। अब आर्मी में भी उनकी सक्रियता काफी ज्यादा बढ़ गई है। इस वजह से देश की सेना की पहचान पूरी दुनिया में और ज्यादा सशक्त हुई है।

सर्जिकल स्ट्राइक की दिलाई याद॥

पीएम मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक को याद करते हुए कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक में यहां की ब्रिगेड ने जो भूमिका निभाई थी वह देश के हर नागरिक को गर्व से भर देता है। उन्होंने कहा कि आज हमें बदलती दुनिया, युद्ध के बदलते स्वरूप के साथ ही अपनी सैन्य शक्ति को भी बढ़ाना है। उसे नई ताक़त के साथ ढालना भी है। हमें अपनी तैयारियों को दुनिया में हो रहे तेज परिवर्तन के अनुकूल ही ढालना है।

सेना में आप नौकरी करने नहीं आए, ये साधना है- पीएम

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आपके लिए सेना में आना एक नौकरी नहीं है। पहली तारीख को तनख्वाह आएगी, इसके लिए नहीं आए हैं आप। आपके लिए सेना में आना एक साधना है, जैसे कभी ऋषि-मुनि साधना करते थे, मैं आपके दिल के अंदर उस साधक का रूप देख रहा हूं। आप मां भारती की साधना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा बजट का करीब 65% खर्च देश के अंदर ही खरीद पर खर्च हो रहा है। आज देश के अंदर अर्जुन टैंक बन रहे हैं, तेजस जैसे एयरक्राफ्ट भी देश के अंदर बन रहे हैं। विजयदशमी के दिन 7 ‘डिफेंस कंपनियों’ को राष्ट्र को समर्पित किया गया।

2014 में सियाचिन गए थे मोदी॥

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर में सीमावर्ती राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में दीपावली के अवसर पर बृहस्पतिवार को जवानों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने 2014 में सियाचिन का दौरा किया था। वह तभी से हर साल दीपावली पर किसी सीमावर्ती क्षेत्र में जाकर जवानों से मुलाकात करते हैं। आधिकारिक सूत्रों ने नौशेरा में सेना की चौकी पर मौजूद प्रधानमंत्री की तस्वीरें साझा कीं।

पीएम मोदी का बिल्कुल साधारण काफिला॥

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जब मोदी सुबह अपने आवास से निकले, तो सुरक्षा के कम से कम इंतजाम थे और इस दौरान यातायात के मार्ग में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया, ताकि लोगों को असुविधा नहीं हो। सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने बुधवार को राजौरी समेत अग्रिम क्षेत्रों का हवाई दौरा किया था और इस दौरान उन्हें जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास वर्तमान सुरक्षा परिस्थितियों से अवगत कराया गया।

आंतकियों के खिलाफ ऑपरेशन में जुटे जवान॥

पुंछ और राजौरी जिलों के जंगल में आतंकवादियों के खिलाफ जारी अभियान के बीच सेना प्रमुख ने पिछले करीब दो सप्ताह में दूसरी बार जम्मू का दौरा किया। यह अभियान हालिया समय में सबसे लंबा अभियान है जो बृहस्पतिवार को 26वें दिन भी जारी है। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने अबतक हर दिवाली सैनिकों के साथ ही मनाई है। 2014 में वह सियाचिन, 2015 में अमृतसर, 2016 में हिमाचल में चीन सीमा पर, 2017 में जम्मू-कश्मीर के गुरेज, 2018 में उत्तराखंड के हर्षिल, 2019 में जम्मू-कश्मीर के राजौरी, 2020 में राजस्थान के लोंगेवाल और इस बार जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में वह दिवाली मना रहे हैं।

Leave a Reply