NationalState

अमरनाथ में बाढ़ के बाद चला बचाव अभियान खत्म, मनोज सिन्हा बोले- कोई लापता नहीं।

Rescue and search operation near Amarnath cave over; no one missing; J&K LG.

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बताया कि अमरनाथ गुफा मंदिर के पास आई बाढ़ के बाद चला बचाव अभियान अब खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी नहीं मिली है। बाढ़ में 15 लोगों की मौत हो गई थी। मनोज सिन्हा ने आठ जुलाई को आई बाढ़ के बाद कई लोगों के लापता होने संबंधी खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मंदिर बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर पर गुमशुदगी के बारे में लगभग 200 कॉल आईं और यात्रियों का पता लगाने में कुछ समय लगा क्योंकि उनके मोबाइल फोन बंद थे।

मनोज सिन्हा ने यहां राजभवन में पत्रकारों से कहा, ’15 तीर्थयात्रियों की मौत हुई है और उन सबकी पहचान की जा चुकी है। 55 लोग घायल हुए हैं और दो को छोड़कर सभी को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।’ उपराज्यपाल ने कहा कि दो घायलों का यहां एसकेआईएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है।

8 जुलाई से चला अभियान लगभग खत्म॥

जम्मू-कश्मीर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि प्रशासन सभी राज्यों की सरकारों के संपर्क में है और अब तक किसी भी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी नहीं मिली है। उपराज्यपाल ने कहा कि आठ जुलाई को शुरू बचाव अभियान अब लगभग खत्म हो चुका है।

Leave a Reply