सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जनकपुरी कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा धाम कॉलोनी में ससुराल में रह रहे युवक ने पत्नी को साथ में ससुराल न भेजने पर अपनी सास और पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। सास की मौत हो गई जबकि पत्नी बुरी तरह झुलस गई है। बताया गया कि पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने बताया कि शामली निवासी नितिन कुमार की शादी कृष्णधाम कालोनी निवासी पायल की बेटी रितिका से हुई थी। नितिन काफी समय से अपनी पत्नी के साथ सुसराल में ही रह रहा था। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी को ले जाने की बात कह रहा था। लेकिन, सास पायल ने इससे इंकार कर दिया। जिसके बाद विवाद हुआ।
शनिवार सुबह करीब चार बजे नितिन ने पेट्रोल छिड़ककर घर में आग लगा दी। जिससे सास पायल और पत्नी रितिका गम्भीर रूप से झुलस गई। पायल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने आरोपी नितिन और रितिका को अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सास की मौत हो गई है। आरोपी की पत्नी की हालत गम्भीर है। अभी मामले की जांच की जा रही है। आरोपी से भी पूछताछ की जा रही है।
6 महीने पहले दोनों ने भागकर की थी शादी॥

रितिका ने बताया, “6 महीने पहले दोनों ने भागकर शादी की थी। अभी मुझे कोई संतान नहीं है। पति का प्रेम-प्रसंग किसी अन्य महिला के साथ चल रहा है। इस वजह से सितंबर में मैं मायके आ गई। मुझे ले जाने के लिए पति बार-बार कॉल कर रहा था। लेकिन, मैं ससुराल नहीं गई। करीब 10 दिन पहले नितिन मेरे पास अपनी ससुराल आ गया।
रितिका ने बताया, “मुझे बार-बार मायके से ससुराल चलने के लिए कह रहे थे। 28 अक्टूबर को नितिन की मां बिंदर और देवर आकाश घर पहुंचे थे। दोनों पक्षों में सहमति भी बन गई थी। मैंने कहा कि मेरी मां की तबीयत खराब थी। जिस कारण 3 नवंबर को ससुराल जाने की बात कही, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग मानने को तैयार नहीं थे।
लड़की की सास बोली- दोनों को जिंदा जला दे, बाकी मैं देख लूंगी॥
रितिका ने कहा कि शुक्रवार को बात हो गई थी, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग मानने को तैयार नहीं थे। आरोप है कि शुक्रवार की रात को सास बिंदर ने धमकी दी थी कि इन दोनों को निपटा दे, बाकी मैं देख लूंगी। आरोप है कि रितिका और उसकी मां पायल शनिवार की सुबह साढ़े चार बजे सो रही थीं। तभी उसका पति अपनी कार से पेट्रोल लेकर आया। सोते समय पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
मृतक सास 7 माह की गर्भवती थी॥
आसपास के लोगों का कहना है कि मृतक पायल 7 माह की गर्भवती थी। उसका पति किसी मामले में हरियाणा में जेल में बंद है। 3 नवंबर को पति को जेल से छूटकर आना था। इस वजह से रितिका 3 नवंबर या उसके बाद ससुराल जाने की बात कह रही थी।
पति भी झुलसा॥
थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर अवनीश गौतम ने कहा कि युवक ने पत्नी और सास पर पेट्रोल डालकर आग लगाई है। उसकी सास की मौत हो गई है। जबकि पत्नी की हालत नाजुक है। जिला अस्पताल में भर्ती है। हादसे में पति नितिन भी झुलसा है। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है।