New Delhi

अरविंद केजरीवाल ने चीन से व्यापार बंद करने की मांग की, कहा- इससे उसे सबक मिलेगा और भारत में रोजगार।

Why don't we stop our trade with China, asks Arvind Kejriwal.

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि चीन से व्यापार बंद कर दिया जाए। सीएम केजरीवाल ने आज एक ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा, ‘हम चीन से अपना व्यापार क्यों नहीं बंद करते? चीन से आयात की जाने वाली अधिकतर वस्तुएं भारत में बनती हैं। इससे चीन को सबक मिलेगा और भारत में रोजगार।’ दिल्ली के एक व्यापारी ने कनॉट प्लेस में एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि भारत चीनी सामानों का सबसे बड़ा बाजार है और भारत 14 प्रतिशत सामान चीन से खरीदता है। एक तरफ चीन हमसे अरबों डॉलर कमा रहा है और उसी पैसे का दुरुपयोग हमारी सेना के खिलाफ बॉर्डर पर कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘हम भारत सरकार से कहना चाहते हैं कि एकदम से चीन से व्यापार बंद नहीं हो सकता है, ऐसे में सरकार दीर्घकालिक योजना बनाए।

केजरीवाल का ट्वीट पर लोगों ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि पिछली सरकारों ने चीन से व्यापार बढ़ाया था जो मोदी सरकार ने काफी हद तक कम किया है। निशांत ने लिखा है कि मेक इन इंडिया जैसी पहल देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए है। बाकी हमारी सेना करारा जवाब दे रही है।

हालांकि भारत में चीनियों की घुसपैठ किस कदर है यह ऐसे समझिए 2003-04 में चीन से भारत का आयात करीब 5 अरब डॉलर का था। 2013-14 में बढ़कर 51 अरब डॉलर और 2021-22 में 94 अरब डॉलर का आयात किया गया। ये सरकारी आंकड़े अपने आप में बता रहे हैं कि चीन से आयात किस तरह बढ़ता जा रहा है।

जिस दिन तवांग में झड़प की खबर आई, उसी दिन सरकार ने संसद में बताया कि भारत में 3560 कंपनियां ऐसी हैं, जिनमें चीनी निदेशक हैं। कंपनी मामलों के राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने लोकसभा में कहा कि देश में 174 चीनी कंपनियां हैं, जो भारत में काम करने के लिहाज से मंत्रालय में विदेशी कंपनियों के रूप में पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा, ‘कॉर्पोरेट डाटा प्रबंधन के आंकड़ों के अनुसार भारत में 3560 कंपनियां हैं जिनमें चीनी डायरेक्टर हैं।’

पूर्वी लद्दाख गतिरोध के बाद भारत लगभग 3,500 किलोमीटर लंबी LAC के पास बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी ला रहा है। अमेरिका के साथ भारत की बढ़ती नजदीकी से भी चीन बौखलाया हुआ है। तवांग झड़प में दोनों पक्षों के जवान घायल हुए थे। सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि हमारे जवान देश का गौरव हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे जवान देश की शान हैं। उनके शौर्य को मैं सलाम करता हूं और ईश्वर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

Leave a Reply