मुंबई। बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आ रही है। दिग्गज एक्टर आमिर खान की फिल्म लगान में नजर आने वाले एक्टर जावेद खान अमरोही का निधन हो गया है। वे महज 60 साल के थे। उन्होंने करीब 150 फिल्मों में काम किया। एक्टर के निधन की वजह अभी सामने नहीं आई है। सिनेमा जगत में उनके निधन की खबर से शोक की लहर है। एक्टर काफी समय से फिल्म जगत का हिस्सा थे। सिर्फ फिल्में ही नहीं वे कई सारे टीवी शोज में भी नजर आ चुके थे।
जावेद हिंदी सिनेमा का पॉपुलर चेहरा थे। भले ही कई लोग उन्हें नाम से ना जानते हों लेकिन उन्हें किसी ना किसी फिल्म में कैरेक्टर रोल्स प्ले करते हुए जरूर देखा गया है। क्योंकि उन्होंने कई सारे बड़े एक्टर्स संग बड़ी फिल्मों में काम किया। उनके निधन की जानकारी फिल्म लगान की कास्ट में शामिल रहे एक्टर और जावेद के दोस्त अखिलेंद्र मिश्रा ने दी।
थियेटर की दुनिया में भी थे सक्रिय॥
जावेद साहब सिर्फ फिल्में ही नहीं करते थे बल्कि वे रंगमंच की दुनिया का भी जाना-माना चेहरा थे। अखिलेंद्र मिश्रा ने फेसबुक पर एक्टर ने निधन की जानकारी साझा की। उन्होंने साथी दोस्त की फोटो शेयर करते हुए लिखा- ‘विनम्र श्रद्धांजलि जावेद ख़ान साहब। बेहतरीन अभिनेता, वरिष्ठ रंगकर्मी, इप्टा के सक्रिय सदस्य।’ ये खबर सुनते ही कई सारे फैंस भी उनके निधन पर शोक मना रहे हैं और उन्हें उनके किरदारों में याद कर रहे हैं।
संजय दत्त की फिल्म में आखिरी बार आए नजर॥
उन्होंने साल 1973 में फिल्म जलते बदन से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वे राम भरोसे, झूठा कहीं का, प्रेम रोग, सत्यम शिवम सुंदरम, पसंद अपनी अपनी, रंग बिरंगी, सड़क, हम हैं राही प्यार के, अंदाज अपना अपना और उमराव जान जैसी फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा उनकी पिछली कुछ मूवीज की बात करें तो इसमें टॉम डिक एंड हैरी, चक दे इंडिया और फिर हेरा फेरी जैसी मूवीज शामिल हैं। उनकी आखिरी फिल्म संजय दत्त की सड़क 2 थी।