NationalState

रायपुर अधिवेशन में सोनिया गांधी ने दिया रिटायरमेंट का संकेत, बोलीं- भारत जोड़ो यात्रा मेरी राजनीतिक पारी का अंतिम पड़ाव।

'My innings could conclude with….', Sonia Gandhi hints at political retirement.

रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान सोनिया गांधी ने राजनीति से अपने रिटायरमेंट की तरफ भी इशारा किया है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि उनकी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ ही समाप्त हो सकती है। सोनिया ने कहा कि यात्रा एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में आई है। इसने साबित कर दिया है कि भारत के लोग सद्भाव, सहिष्णुता और समानता चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि कांग्रेस इस समय मुश्किल दौर में है।

सोनिया गांधी ने कहा यह कांग्रेस और पूरे देश के लिए एक चुनौतीपूर्ण समय है। भाजपा-आरएसएस ने देश की हर एक संस्था पर कब्जा कर लिया है और उसे उलट दिया है। कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने कहा, चंद कारोबारियों को फायदा पहुंचाकर केन्द्र सरकार ने आर्थिक तबाही मचाई है।

मुश्किल दौर से गुजर रही है कांग्रेस॥

सोनिया गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बहुत कुछ हासिल भी किया है। एक अच्छा समय भी देखा, बहुत कुछ हासिल किया, लेकिन अब एक मुश्किल दौर से गुजर रही है। पिछले दिनों देश में नफरत के कारण महिलाओं, आदिवासियों, गरीबों और पिछड़ों पर हमले किए गए। ये हमारी जिम्मेदारी है कि हम इसे खत्म करें। कांग्रेस केवल एक पार्टी नहीं है ये एक विचार है और जीत केवल हमारी होगी।

कांग्रेस के लिए महत्वपूर्ण मोड़॥

सोनिया गांधी ने कहा, 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है। जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे को राजनीति का लंबा अनुभव है। ऐसे मुश्किल समय में कांग्रेस पार्टी को उनकी अध्यक्षता की आवश्यकता है। खरगे की अध्यक्षता में हम इस मुश्किल समय को भी पार कर पाएंगे।

Leave a Reply