बिजनेस

फिर से दुनिया में सबसे अमीर बने एलन मस्क, 2 महीने में कमाए लिए ₹41,34,16,72,00,000

Elon Musk becomes the richest person in the world once again.

टेस्ला के शेयर की कीमतों में बढ़ोतरी ने एलन मस्क को एक बार फिर से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में टॉप पर पहुंचा दिया है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट से पता चलता है कि एलन मस्क ने दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति होने के अपने खिताब को फिर से हासिल कर लिया है। दिसंबर 2022 में टेस्ला की शेयरों में गिरावट का असर ग्लोबल बिलेनियर लिस्ट पर पड़ा था। मस्क को दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति की कुर्सी गंवानी पड़ी थी और उनकी जगह लुई वुइटन के सीईओ बर्नार्ड अरनॉल्ट ने ले ली थी। हालाँकि, लगभग दो महीने बाद, मस्क ने अपनी बादशाहत को पुनः प्राप्त कर लिया।

2 महीने में ही 50 अरब डॉलर बढ़ी संपत्ति॥

इस साल की शुरुआत में एलन मस्क की संपत्ति 137 अरब डॉलर थी। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, सिर्फ 2 महीने में उनकी संपत्ति में 50 अरब डॉलर से अधिक का उछाल आया है। अब उनकी संपत्ति 187 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। वहीं, बर्नार्ड अरनॉल्ट की नेटवर्थ इस साल 23.3 अरब डॉलर बढ़कर 185 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। तीसरे स्थान पर हैं ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस। उनकी संपत्ति 117 अरब डॉलर है। चौथे स्थान पर 114 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ बिल गेट्स का स्थान है। वहीं, पांचवें स्थान पर वॉरेन बफे हैं, जिनकी संपत्ति 106 अरब डॉलर है।

मस्क के पास हैं ये कारोबार॥

टेस्ला (Tesla) के सीईओ एलन मस्क की संपत्ति में इस साल 36 फीसदी का इजाफा हुआ है। टेस्ला इलेक्ट्रिक व्हीकल और होम सोलर बैटरीज बेचती है। मस्क स्पेसएक्स के भी सीईओ हैं। यह एक रॉकेट मैन्यूफैक्चरर है। इसके अलावा मस्क की ट्विटर में भी बहुसंख्यक हिस्सेदारी है। ट्विटर को खरीदने के बाद से मस्क काफी ज्यादा विवादों में भी रहे।

फिसलते ही जा रहे गौतम अडानी॥

अडानी ग्रुप के चेयरमैन दुनिया के टॉप अमीरों की लिस्ट में फिसलते ही जा रहे हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार दो महीनों में उनकी संपत्ति में 82.8 अरब डॉलर की गिरावट आई है। इससे उनकी संपत्ति 37.7 अरब डॉलर रह गई है और वे अमीरों की लिस्ट में फिसलकर 32 वें स्थान पर आ गए हैं। 24 जनवरी को यूएस शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग ने अडानी ग्रुप पर एक रिपोर्ट जारी की थी। इसके बाद से ही अडानी ग्रुप के शेयर औंधे मुंह गिर रहे हैं।

मुकेश अंबानी टॉप-10 में शामिल॥

दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में टॉप-10 में एक भारतीय भी हैं। ये हैं रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी। मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) 81.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ इस लिस्ट में 10वें स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति में इस साल 6.02 अरब डॉलर की गिरावट आई है।

Leave a Reply