पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में शिरूर के पास अंबले गांव में भाभी की हत्या कर बाइक से भाग रहे शख्स की दुर्घटना में मौत हो गई। हत्यारोपी भाई-भाभी गंभीर रूप से हमला करने के बाद भाग रहा था। पुलिस ने मृतक हमलावर की पहचान अनिल बेंद्रे के रूप में की है। महिला प्रियंका सुनील बेंद्रे (28) एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी। जो कि अगले हफ्ते अपने पति सुनील के साथ विदेश जाने वाली थी। सुनील भी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। मारपीट में अनिल का सौतेला भाई सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका पुणे के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना को लेकर आरोपी अनिल के पिता बालासाहेब बेंद्रे ने शिरूर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
छत पर सो रहे थे पति-पत्नी॥
शिरूर पुलिस के निरीक्षक सुरेशकुमार राउत ने कहा, ‘अनिल ने अपने सौतेले भाई और भाभी पर मंगलवार सुबह करीब चार बजे धारदार चाकू से हमला किया। इतना ही नहीं हत्यारे ने इसके बाद डम्बल से भी दोनों पर वार किए। घटना के वक्त पति-पत्नी अपने एक मंजिला पैतृक घर की छत पर सो रहे थे। पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि अनिल बार-बार नौकरी खोजने के चलते परेशान था। जिसके चलते उसने गुस्से में अपने सौतेले भाई सुनील और उसकी पत्नी पर हमला कर दिया।’
नौकरी खोने के बाद शराब पीने लगा था आरोपी॥
शिरूर पुलिस के इंस्पेक्टर सुरेशकुमार राउत ने कहा कि हमलावर अनिल बेंद्रे वाणिज्य से स्नातक था। जिसने पुणे की कुछ निजी कंपनियों में काम किया। उसका सौतेला भाई सुनील भी शहर में काम करता था और उसने हाल ही में एक फ्लैट खरीदा था। पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि अनिल अपने काम में निरंतरता नहीं रखता था और इसके चलते वह बार-बार नौकरी खो देता था। राउत ने कहा, नौकरी की परेशानी के चलते उसने शराब पीना शुरू कर दिया था।
गांव ले गए आरोपी के पिता॥
इस सब के बीच पिछले हफ्ते आरोपी अनिल के पिता बालासाहेब उसे पैतृक गांव वापस ले आए। जिसके बाद पिता ने उसे छोटे-मोटे काम करने के बजाय अपने खेत की देखभाल करने की सलाह दी। इससे नाखुश अनिल बार बार अपने माता-पिता से झगड़ा करता था। राउत ने कहा, रविवार रात खुद को एक कमरे में बंद कर लिया और तोड़फोड़ की थी। इसी बीच सुनील और उनकी पत्नी को विदेश में नौकरी का प्रस्ताव मिला। जिसके बाद वे अगले हफ्ते देश छोड़ने वाले थे। राउत ने कहा, वहां शिफ्ट होने से पहले सुनील अपनी पत्नी के साथ अपने माता-पिता के साथ रहने के लिए आंबले गांव आया था। सोमवार की रात खाना खाने के बाद दोनों छत पर सोने चले गए थे।
घर के पास ही कार से एक्सीडेंट में मौत॥
पुलिस के मुताबिक अनिल सुबह करीब चार बजे डंबल और चाकू लेकर छत पर गया। राउत ने कहा, ‘उसने अपनी भाभी और भाई को चाकू मार दिया और उन्हें डंबल से पीटा। जिसके बाद चीख सुनकर बालासाहेब और उनके अन्य रिश्तेदार छत पर पहुंचे। इस बीच अनिल ने अपने पिता पर भी हमला करने की कोशिश की। जिसके बाद वह अन्य रिश्तेदारों को देखकर अपनी मोटरसाइकिल से भाग गया। राउत ने कहा कि जैसे ही वह घर के पास मेन रोड तक पहुंचा उसकी मोटरसाइकिल कार से टकरा गई। जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।