नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के आरके पुरम इलाके में रविवार सुबह हमलावरों ने दो महिलाओं की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पुलिस ने तीन हमलावरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के कुछ घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान अर्जुन, माइकल और देव के तौर पर हुई है।
इस घटना को लेकर एक अधिकारी ने कहा कि दोनों महिलाओं के भाई ने तड़के करीब चार बजकर 40 मिनट पर पुलिस को फोन कर बताया कि उसकी बहनों को आंबेडकर बस्ती में गोली मार दी गई है। आरोपियों ने यहां अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी जिसमें दो महिलाओं की मौत हुई। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने कहा, ‘‘प्राप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए हमारा पुलिस दल मौके पर पहुंचा और पाया कि दो महिलाओं को गोली लगी है। उन्हें एसजे अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।’’ डीसीपी के मुताबिक, मृत महिलाओं की पहचान 30 वर्षीय पिंकी और 29 वर्षीय ज्योति के तौर पर हुई है।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या पैसों को लेकर की गई है। दरअसल हमलावर मृतक के भाई ललित पर हमला करने आए थे। उसका देव के साथ पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमलावरों का महिलाओं के भाई के साथ पैसों को लेकर विवाद था। उसने देव से पैसे उधार लिए थे, जो लौटाए नहीं थे। डसीपी ने कहा, ‘‘घटना के मुख्य आरोपी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने धाराओं में बदलाव कर आईपीसी की धारा 302 हत्या के आरोप को भी शामिल कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।