Crime Against WomenMadhya Pradesh

MP के धार जिले में सरेराह महिला से बर्बरता, बचाने की बजाए तमाशबीनों ने बनाया वीडियो।

Woman beaten with stick in Madhya Pradesh's Dhar, onlookers shoot video

धार। मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले धार में एक महिला की सरेराह लाठी से पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। महिला के साथ हुई बर्बरता का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देख सकते हैं कि पांच लोग महिला को पकड़ रखा हैं और एक व्यक्ति लाठी से उसकी पिटाई कर रहा है। वहीं, तमाशबीन बने लोग उसका वीडियो बना रहे हैं लेकिन किसी ने बचाने की जहमत नहीं उठाई है। वीडियो सामने आने के बाद जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा हैं, यह घटना 20 जून को हुई थी, जिससे पहले महिला एक व्यक्ति के साथ कथित तौर पर घर से भाग गई थी। एसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की। जांच में पता चला कि यह घटना धार जिले के टांडा पुलिस थाना क्षेत्र में हुई थी। एसपी ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने के बाद पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया हैं।

धार एसपी ने बताया कि महिला की पीटने वाले मुख्य आरोपी की पहचान नूर सिंह भूरिया के रूप में हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मनोज कुमार सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं। मामले की जांच की जा रही है।

वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य में बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना राज्य में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर लिखा कि धार जिले की इस घटना ने एक बार फिर भाजपा सरकार में, महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किये हैं। मध्य प्रदेश, महिलाओं पर अत्याचार के मामले में पहले स्थान पर है।

उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव को टैग करते हुए पूछा कि क्या धार की ये बहनें आपकी सरकार से यह उम्मीद कर सकती हैं कि इस घटना की जल्द और निष्पक्ष जांच होगी। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर न्याय मिलेगा? पटवारी ने सवाल किया कि मध्य प्रदेश में ही महिलाओं का सर्वाधिक उत्पीड़न क्यों होता है? उन्होंने पूछा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध को रोकने में आपकी सरकार बार-बार क्यों विफल हो रही है? धार केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर यहीं से सांसद हैं।

Leave a Reply