चंड़ीगढ़। हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आप पार्टी के हरियाणा प्रदेश संगठन मंत्री आदर्श पाल ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। आदर्श पाल 27 जून को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। हरियाणा प्रदेश संगठन मंत्री आदर्श पाल सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद ये फैसला लिया है। आदर्श पाल जगाधरी विधानसभा से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। ऐसे में अब आगामी चुनाव से पहले आदर्श पाल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर लेंगे जिससे आम आदमी पार्टी पर असर देखने को मिल सकता है।
यमुनानगर में आदर्श पाल सिंह ने कहा कि आज आम आदमी पार्टी भाजपा का विकल्प नहीं बना पा रही है। भाजपा को सिर्फ कांग्रेस ही सत्ता से हटा सकती है। उन्होंने बताया कि वह 27 जून को दिल्ली में समर्थकों सहित कांग्रेस में शामिल होंगे। आदर्श पाल सिंह ने कहा कि उन्होंने तीन दिन पूर्व अपने समर्थकों के साथ बैठक की थी। जिसमें पार्टी नेताओं ने कहा कि उन्होंने आप की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया, लेकिन चुनाव में इसका फायदा नहीं मिला।
आदर्श पाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी बीजेपी से मुकाबला करने में सक्षम नहीं है। यही वजह है कि वह अब 27 जून को कांग्रेस में शामिल होंगे। आदर्श पाल ने बताया कि 27 जून को दिल्ली में कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में वह कांग्रेस की सदस्यता लेंगे। आदर्श पाल साल 2019 में बीएसपी की टिकट पर जगाधरी से विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि आदर्शपाल ने यह तो नहीं बताया कि उनकी टिकट को लेकर किसी तरह की कोई गारंटी मिली है, लेकिन जगाधरी विधानसभा में आदर्श पाल का अच्छा खासा रसूख है। इसका फायदा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जरूर मिलेगा।